खाटू श्याम मंदिर तो खूब घूमे होंगे, यहां का का महादेव मंदिर भी है बेहद खास, नटराज स्वरूप म
खाटू श्याम मंदिर तो खूब घूमे होंगे, यहां का का महादेव मंदिर भी है बेहद खास
Last Updated:
देवों के देव महादेव के वैसे तो पूरे भारत और विश्व में कई मंदिर और ज्योर्तिलिंग स्थापित हैं लेकिन राजस्थान में भगवान शिव का एक ऐसा मंदिर है, जहां वह नटराज स्वरूप में भक्तों को दर्शन दे रहे हैं. इस मंदिर की खास बात यह है कि इस पूरे मंदिर के परिसर में 9 मंदिर हैं और इन मंदिरों का निर्माण तीन अलग-अलग कालखंडों में हुआ था. आइए जानते हैं भगवान शिव के इस खास मंदिर के बारे में…
देश के कोने-कोने में देवाधिदेव महादेव के कई भव्य व दिव्य मंदिर स्थित हैं. राजस्थान राज्य में भी कई मंदिर हैं, जिनकी खूबसूरती के साथ ही निर्माण की कथा भी हैरत में डालती है. ऐसा ही एक भव्य मंदिर शिव के नटराज स्वरूप को समर्पित है, जिसका निर्माण 10वीं शताब्दी में हुआ था. राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित बरोली मंदिर परिसर (बड़ोली मंदिर) महादेव के नटराज स्वरूप को समर्पित एक प्राचीन और अद्भुत धार्मिक स्थल है. 10वीं शताब्दी में निर्मित यह मंदिर ना सिर्फ श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है बल्कि अपनी शानदार वास्तुकला, नक्काशी और प्राचीन इतिहास के कारण पर्यटकों को भी आकर्षित करता है.
नटराज रूप में विराजमान हैं भगवान शिव
बरोली मंदिर परिसर गुर्जर-प्रतिहार काल की उत्कृष्ट कृति माना जाता है. इस पूरे परिसर में 9 मंदिर हैं, जिनमें मुख्य मंदिर घाटेश्वर महादेव को समर्पित है. यहां भगवान शिव नटराज रूप में विराजमान हैं. मंदिर की दीवारों पर देवी-देवताओं, पौराणिक कथाओं और रोजमर्रा के जीवन के दृश्यों को बारीक नक्काशी के साथ उकेरा गया है. ऊंचे शिखर, नक्काशीदार खंभे और जटिल मूर्तियां देखने वाले हर किसी को मंत्रमुग्ध कर देती हैं.
बरोली में कुल 9 मंदिर
बरोली में कुल 9 मंदिर हैं. इनमें चार मंदिर भगवान शिव को समर्पित हैं, दो देवी दुर्गा को, जबकि बाकी मंदिर त्रिमूर्ति, विष्णु, गणेश और अन्य देवी-देवताओं को समर्पित हैं. परिसर में घाटेश्वर मंदिर, वामनावतार मंदिर, गणेश मंदिर, त्रिमूर्ति मंदिर, अष्टमाता मंदिर और शेषशयन मंदिर प्रमुख हैं. इन मंदिरों का निर्माण तीन अलग-अलग कालखंडों में हुआ था.
प्राचीन काल की दिव्य ऊर्जा और शांति
ये मंदिर पत्थर की नक्काशी और वास्तुकला की दृष्टि से बेहद समृद्ध हैं. परिसर में प्रवेश करते ही प्राचीन काल की दिव्य ऊर्जा और शांति का अनुभव होता है. यहां की खुशबू और मंत्रोच्चार की ध्वनि वातावरण को और भी पवित्र बना देती है. खास बात है कि साल 1998 में बरोली मंदिर से भगवान नटराज की एक सुंदर पत्थर की मूर्ति चोरी हो गई थी, जो बाद में लंदन से बरामद की गई. यह घटना हैरत में डालती है.
पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित
बरोली मंदिर केवल तीर्थ स्थल ही नहीं, बल्कि पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित हो रहा है. यहां आने वाले पर्यटक प्राचीन वास्तुकला, शिल्पकला और शांत वातावरण का आनंद लेते हैं. फोटोग्राफी के शौकीन लोगों के लिए यह जगह और भी खास है. पुरानी पत्थर की दीवारों पर पड़ती रोशनी और परछाइयों का खेल बेहद खूबसूरत नजारा पेश करता है.
घूमने के लिए यह समय बेस्ट
मंदिर के आस-पास के आकर्षण की बात करें तो बरोली मंदिर चित्तौड़गढ़ किले, मीरा मंदिर और भैंसरोड़गढ़ वन्यजीव अभयारण्य के पास स्थित है. पर्यटक एक ही यात्रा में इतिहास, आस्था और प्रकृति का आनंद ले सकते हैं. वहीं, बरोली मंदिर घूमने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च तक है, जब मौसम सुहावना रहता है. गर्मियों (अप्रैल से जून) में यहां बहुत गर्मी पड़ती है, इसलिए इस दौरान यात्रा से बचना चाहिए.
About the Author

पराग शर्मा Hindi News18 Digital में Chief Sub Editor के पद पर कार्यरत हैं. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, ग्रह-नक्षत्र, राशि और वास्तु से जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. भारतीय धार्मिक परंपराओं, ज्योतिष शास्त्र, मेद…और पढ़ें


