नहीं पता जन्म समय या डेट ऑफ बर्थ, तो न हों परेशान, ताड़पत्र बता देगा आपका भविष्य
Nadi Astrology: जन्म के समय और तिथि या तारीख के आधार पर किसी भी व्यक्ति की कुंडली बनाई जा सकती है. कुंडली के आधार पर ग्रहों और नक्षत्रों की सही स्थिति की गणना करके उसके भविष्य और वर्तमान के बारे में बताया जा सकता है. उसका करियर, सेहत, धन, संपत्ति, विवाह, संतान आदि के बारे में बताया जा सकता है. इसके लिए लोग अपने बच्चों के जन्म की तिथि और जन्म के समय को नोट कर लेते हैं. लेकिन कुछ ऐसे भी लोग मिलेंगे, जिनको अपने जन्म समय और तारीख के बारे में पता नहीं होता है. ऐसे लोगों की कुंडली नहीं बन पाती है, लेकिन उनको परेशान होने की जरूरत नहीं है. ज्योतिषशास्त्र की एक विधा है नाड़ी ज्योतिष. इसकी मदद से वह अपने भविष्य, वर्तमान और भूतकाल के बारे में जान सकता है.
नाड़ी ज्योतिष क्या है?
नाड़ी ज्योतिष ज्योतिषशास्त्र की ही एक प्राचीन विधा है. इसमें ताड़ के पत्तों पर लिखी गई भविष्यवाणी को पढ़कर लोगों के सवालों का उत्तर दिया जाता है. नाड़ी ज्योतिष की उत्पत्ति की श्रेय अगस्त्य मुनि को दिया जाता है, जिन्होंने ताड़ के पत्तों पर लोगों का भविष्य लिखा था. तमिलनाडु का वैथीस्वरन कोइल मंदिर नाड़ी ज्योतिष का केंद्र माना जाता है.
अंगूठे के निशान से होती है शुरूआत
नाड़ी ज्योतिष में भविष्य की गणना व्यक्ति के अंगूठे के निशान और ताड़पत्रों के मिलान से होता है. पुरुष को दाहिने हाथ के अंगूठे का निशान और महिला का बाएं हाथ के अंगूठे का निशान देना होता है. उसके बाद आपके अंगूठे के निशान को ताड़पत्रों से मेल कराते हैं. अंगूठे के निशानों को 108 से अधिक श्रेणियों में बांटा गया है. हर श्रेणी के अंगूठे के लिए अलग ताड़पत्र होते हैं.
ताड़पत्र में पहले से लिखी होती है हर जानकारी
ताड़पत्रों में व्यक्ति के जीवन की हर जानकारी पहले से ही लिखी होती है. उसमें आपका नाम, पिता का नाम, माता का नाम, आप क्या काम करते हैं, आपका विवाह कब होगा, आपको जीवनसाथी कौन होगा, यहां तक कि पूर्वजन्म के बारे में भी जानकारी दी गई होती है.
ताड़पत्रों से कैसे होती है भविष्यवाणी?
जब आप नाड़ी ज्योतिष केंद्र पर जाएंगे, तो सबसे पहले आपके अंगूठे के निशान लिए जाएंगे. फिर उसका मिलान ताड़पत्रों के बंडल से किया जाएगा. फिर वहां के ज्योतिषाचार्य आपसे कुछ सवाल पूछेंगे, जिसका जवाब हां या ना में देना होता है. वे आपसे पूछ सकते हैं कि आपका नाम ख या म अक्षर से शुरू होता है? आपकी माता का नाम य अक्षर से प्रारंभ होता है? क्या आप 3 भाई और 1 बहन हैं?
जब आपके सभी सही जवाब किसी एक पत्ते से मैच करता है तो उसे ही आपका मुख्य पत्ता मानते हैं. उसके बाद वह ज्योतिषी पत्ते पर लिखी बातों को पढ़कर आपको बताता है. उन पत्तों पर तमिल में लिखा गया है. उन पत्तों में आपके जन्म के समय ग्रहों की स्थिति का वर्णन पहले से ही किया गया होता है.
ताड़पत्रों के बंडल में आपके नौकरी, बिजनेस, सेहत, विवाह आदि से जुड़े प्रश्नों के अलग-अलग भाग होते हैं. आप जैसे प्रश्न करते हैं, उनके जवाब उन ताड़पत्रों में लिखी भविष्यवाणी को पढ़कर दिए जाते हैं.


