जानवरों का आपके जीवन में आना महज संयोग या कर्म का खेल? पिछले जन्म से तो नहीं रिश्ता, ज्योत
आपके जीवन में क्यों आते हैं पालतू जानवर? जानिए उनकी भूमिका और ज्योतिष रहस्य
Last Updated:
ज्योतिष और आध्यात्मिक दर्शन में रिश्तों को कभी भी संयोग नहीं माना जाता. आजकल ज्योतिषी और आध्यात्मिक साधक मानते हैं कि जानवर भी हमारे जीवन में किसी खास कर्मिक उद्देश्य के साथ आते हैं, ठीक वैसे ही जैसे ग्रहों की चाल इंसानी रिश्तों को प्रभावित करती है. ज्योतिष और आध्यात्मिक दृष्टिकोण से इनका संबंध केवल साथ निभाने तक सीमित नहीं है. विशेषज्ञों का मानना है कि पालतू जानवर व्यक्ति के जीवन में कर्मिक संतुलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
पालतू जानवरों को आमतौर पर घर के सदस्य और भावनात्मक सहारा माना जाता है, लेकिन ज्योतिष शास्त्र में इनका महत्व इससे कहीं अधिक गहरा बताया गया है. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, पालतू जानवर ना केवल हमारे जीवन में खुशियां लाते हैं, बल्कि ग्रहों के प्रभाव को संतुलित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं. ज्योतिष के अनुसार, जिस तरह व्यक्ति के स्वभाव, व्यवहार का संबंध किसी ना किसी ग्रह से जुड़ा होता है, उसी तरह हर ग्रह का संबंध किसी ना किसी जीव से भी जुड़ा होता है. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, ऐसे ही कोई जानवार आपका पालतू नहीं बन जाता है, हर चीज का किसी ना किसी वजह से उद्देश्य जुड़ा हुआ है.

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, आत्माएं कई जन्मों तक एक-दूसरे से जुड़ सकती हैं और वे अलग-अलग रूप भी ले सकती हैं. माना जाता है कि जानवर जीवन के अहम बदलावों के समय, जैसे बीमारी, कठिन दौर या बड़े फैसलों के वक्त, हमारे जीवन में आते हैं. जब वे आते हैं और आपके साथ घुल मिल जाते हैं तो चीजें धीरे-धीरे बेहतर होने लगती हैं और ग्रह-नक्षत्र के अशुभ प्रभाव से भी मुक्ति मिल जाती है. ज्योतिषियों का मानना है कि कुछ जानवर अपने भौतिक रूप में भी मार्गदर्शक की भूमिका निभा सकते हैं.

आपने सुना तो होगा ही कि जानवर इंसानों से ज्यादा वफादार होते हैं. इंसानों पर भरोसा नहीं किया जा सकता क्योंकि वह कभी भी धोखा दे सकता है, चाहें वह आपका कितना भी प्रिय क्यों ना हो लेकिन आप अपने पालतू जानवर पर पूरा भरोसा कर सकते हैं क्योंकि जानवरों का प्रेम स्वार्थ से परे होता है. जानवरों को बहुत संवेदनशील और समझदार माना जाता है. वे अपने मालिक की परेशानी को महसूस कर सकते हैं, उन्हें सांत्वना दे सकते हैं या उनके मानसिक और भावनात्मक हालात को बदल सकते हैं. ज्योतिष के अनुसार, ऐसे संबंध चंद्रमा, नेपच्यून या केतु की मजबूत स्थिति से जुड़े होते हैं, जो अंतर्ज्ञान, अवचेतन और पिछले जन्मों के संबंधों से जुड़े हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

एक और विचार जो चर्चा में है, वह यह है कि जानवर ऊर्जा के रक्षक होते हैं. कई पालतू जानवरों के मालिक बताते हैं कि उनके जानवर अदृश्य चीजों पर प्रतिक्रिया देते हैं, कमजोरी के समय उनके पास रहते हैं या बिना वजह सुरक्षा का भाव दिखाते हैं. ज्योतिष के नजरिए से, ये गुण मजबूत अंतर्ज्ञान और भावनात्मक स्थितियों को संभालने या संतुलित करने की क्षमता से जुड़े हैं.

उदाहरण के लिए, कुत्ते को केतु ग्रह का प्रतीक माना जाता है. कहा जाता है कि यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में केतु अशुभ स्थिति में हो तो कुत्ते की सेवा या उसे भोजन कराना लाभकारी साबित हो सकता है. इसी तरह बिल्ली को राहु ग्रह से जोड़ा जाता है और इसकी देखभाल करने से राहु के नकारात्मक प्रभावों में कमी आने की मान्यता है. विशेषज्ञ बताते हैं कि पक्षियों, खासकर तोते और कबूतरों का संबंध बुध और शुक्र ग्रह से माना जाता है. इनकी सेवा करने से व्यक्ति के जीवन में संवाद क्षमता और रिश्तों में मधुरता बढ़ सकती है. वहीं मछलियों को शनि और केतु से जोड़ा जाता है, और एक्वेरियम रखने को घर में सकारात्मक ऊर्जा लाने वाला उपाय माना जाता है.

गली में रहने वाले कुत्ते, बिल्ली आदि की भी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है. आप भले ही इन पर गौर करें या ना करें लेकिन वे आपको पूरी तरह से जानते हैं. वे आपको आपकी खुशबू से पहचान लेते हैं और अच्छे साथी भी बन जाते हैं. भले ही वह मुलाकात छोटी हुई हो लेकिन वह महत्वपूर्ण होती है, जो उनकी अपनी ऊर्जा या कर्मिक संतुलन से जुड़ी होती हैं. वहीं कुछ लोगों पर वे भौंकते हैं और गली में भी आने नहीं देते, ऐसा वे सकारात्मक और नकारात्मक ऊर्जा को महसूस करने पर करते हैं.

वैज्ञानिक दृष्टिकोण से जानवरों के व्यवहार को उनकी प्रवृत्ति और आसपास की जागरूकता से समझाया जाता है. वहीं, आध्यात्मिक और ज्योतिषीय नजरिए से इन संबंधों को संयोग नहीं बल्कि नियोजित माना जाता है. कुछ मान्यताओं के अनुसार, ये जीव हमारे पिछले जन्मों के कर्मों का परिणाम होते हैं और हमारे जीवन में संतुलन बनाने के लिए आते हैं। इनकी सेवा करना एक तरह से पुण्य कर्म माना जाता है, जो व्यक्ति के भाग्य को भी प्रभावित कर सकता है


