चैत्र नवरात्रि आज से प्रारंभ, 6 शुभ संयोग, जानें कलश स्थापना मुहूर्त, पूजा विधि, मंत्र
चैत्र नवरात्रि लाइव: नवरात्रि व्रत में क्या करें, क्या न करें, क्या है शुभ और अशुभ?
चैत्र नवरात्रि लाइव: नवरात्रि सिर्फ व्रत नहीं है, ये मन, शरीर और विचारों की शुद्धि का समय है. नवरात्रि के 9 दिनों में कई नियमों का पालन करना होता है. क्या करें, क्या न करें, क्या शुभ है और क्या अशुभ? इन सब बातों का ध्यान रखना पड़ता है.
नवरात्रि में क्या करें
- मां दुर्गा की पूजा रोज सुबह-शाम करें.
- घर में साफ-सफाई और पवित्रता बनाए रखें.
- दुर्गा सप्तशती, दुर्गा चालीसा और मंत्र जाप करें.
- “ॐ दुं दुर्गाय नमः” मंत्र का जाप करें.
- व्रत और सात्विक भोजन करें, जिसमें फल, दूध, कुट्टू, सिंघाड़ा आदि ले सकते हैं.
- अष्टमी या नवमी को कन्या पूजन जरूर करें.
- मन में सकारात्मकता और संयम रखें
क्या न करें
- मांस, शराब, लहसुन-प्याज का सेवन न करें.
- बाल, दाढ़ी, नाखून काटना कई लोग अशुभ मानते हैं.
- झूठ, गाली-गलौज, विवाद से बचें.
- आलस्य और देर तक सोना ठीक नहीं माना जाता.
- घर में नकारात्मक माहौल न बनने दें.
- शाम के समय झाड़ू लगाने से बचें.
क्या है शुभ
- विशेषकर पहले 3 दिन और अष्टमी या नवमी में नया काम शुरू करना.
- घर में पूजा-पाठ, हवन
- दान-पुण्य (खाना, कपड़े, पैसा)
- कन्याओं और बुजुर्गों का आशीर्वाद लेना
- छोटी-छोटी खरीदारी (सोना, कपड़े, बर्तन)
क्या माना जाता है अशुभ
- झगड़ा, क्रोध, नकारात्मक सोच
- व्रत के नियम तोड़ना
- पूजा में लापरवाही
- घर में गंदगी और अव्यवस्था
(इनपुट: रचना उपाध्याय)
Chaitra Navratri 2026 LIVE Updates: नवरात्रि के पहले दिन बगलामुखी और नैना देवी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़, लगे ‘जय माता दी’ के जयकारे
Chaitra Navratri 2026 LIVE Updates: चैत्र नवरात्रि की शुरुआत पर मध्य प्रदेश में नलखेड़ा स्थित तंत्र की देवी कही जाने वाली मां बगलामुखी के दरबार में भक्तों को दर्शन के लिए घंटों इंतजार करते हुए देखा गया. भक्त ही जगत जननी के दर्शन पाकर बहुत खुश हैं.
आगर मालवा के मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची महिला श्रद्धालु ने बताया कि वो हर साल नवरात्रि में मां बगलामुखी के दर्शन करने के लिए पहुंचती हैं और इस बार पहले नवरात्र के पहले दिन दर्शन करने का सौभाग्य मिला है. उन्होंने बताया कि यहां का हवन करने से जीवन की नकारात्मकता दूर होती है और ज्यादातर भक्त नवरात्रि में विशेष हवन कराने के लिए आते हैं. वे बीते 15 साल से मंदिर में दर्शन के लिए आ रही हैं.
वहीं हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली. भक्त मुराद पूरी करने के लिए मां के दरबार में लाल चुनरी और नारियल लेकर पहुंच रहे हैं. इस मौके पर मां की ज्योति को आरती के बाद मंदिर में घुमाया गया. (IANS)
Chaitra Navratri 2026 Day 1: मां शैलपुत्री का वाहन है नंदी, क्या है इसका महत्व
Chaitra Navratri 2026 Day 1: चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा करते हैं. मां दुर्गा के इस स्वरूप का वाहन नंदी यानि बैल है. इस देवी को स्थिरता और शक्ति का प्रतीक माना जाता है. उनका वाहन नंदी शक्ति, धैर्य और मजबूती का प्रतीक है. नवदुर्गा के वाहन और उनके महत्व के बारे में जानना चाहिए.
Chaitra Navratri 2026 LIVE Updates: पीएम मोदी ने चैत्र नवरात्रि, नव संवत्सर और गुड़ी पड़वा की दी शुभकामनाएं, ‘मां दुर्गा की असीम कृपा से सबका हो कल्याण’
Chaitra Navratri 2026 LIVE Updates: पीएम नरेंद्र मोदी ने ‘चैत्र नवरात्रि’ के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी. उन्होंने कामना की कि शक्तिस्वरूपा मां दुर्गा की असीम कृपा से सबका कल्याण हो, जिससे विकसित भारत के हमारे संकल्प को भी नई ऊर्जा मिले.
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा है, “नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप देवी शैलपुत्री की पूजा का विधान है. उनके आशीर्वाद से हर किसी के जीवन में संयम, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो, यही कामना है.”
प्रधानमंत्री मोदी ने नव संवत्सर और गुड़ी पड़वा की भी शुभकामनाएं दीं.
जगतजननी मां दुर्गा के चरणों में कोटि-कोटि देशवासियों की ओर से मेरा नमन और वंदन! नवरात्रि के पावन पर्व पर देवी मां से विनती है कि वे हर किसी को अपने स्नेह और अनुकंपा का आशीर्वाद प्रदान करें। जय माता दी! https://t.co/WHEzTr3Xv6
— Narendra Modi (@narendramodi) March 19, 2026
Hindu Nav Varsh 2026: आज से हिन्दू नववर्ष 2083 का प्रारंभ, इस साल 12 की जगह 13 महीने, ऐसा क्यों?
Hindu Nav Varsh 2026: चैत्र नवरात्रि के पहले दिन यानि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को नव संवत्सर का प्रारंभ होता है, इसे हिन्दू नववर्ष कहा जाता है. आज से हिन्दू नववर्ष 2083 का शुभारंभ हुआ है. इस साल 12 की जगह 13 महीने होंगे क्योंकि इसमें अधिकमास जुड़ रहा है. यह अधिकमास ज्येष्ठ माह के साथ जुड़ जाएगा. जो ज्येष्ठ अधिकमास होगा. चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से हिन्दू नववर्ष क्यों शुरू होता है? इस दिन क्या करना चाहिए? हिन्दू कैलेंडर के 12 महीने कौन से होते हैं? इन सभी सवालों को जवाब जानने के लिए विस्तार से पढ़ें हिन्दू नववर्ष 2083 के बारे में.
Navratri Kalash Sthapana Muhurat: 07:43 ए एम पर सुबह का कलश स्थापना मुहूर्त खत्म, अब दोपहर के अभिजीत मुहूर्त का इंतजार
Navratri Kalash Sthapana Muhurat: आज सुबह में 07:43 ए एम पर कलश स्थापना का मुहूर्त खत्म हो गया है. जो लोग इस समय में कलश स्थापना नहीं कर सके हैं, उन लोगों को अब दोपहर के अभिजीत मुहूर्त का इंतजार करना होगा. दोपहर में कलश स्थापना 12:05 पी एम से 12:53 पी एम के बीच कर सकते हैं. इस समय में लाभ-उन्नति 12:29 पी एम से 02:00 पी एम तक है.
Chaitra Navratri 2026 Muhurat: नवरात्रि के पहले दिन शुक्ल योग, उत्तर भाद्रपद नक्षत्र, मीन राशि में है चंद्रमा, देखें आज का पंचांग
Chaitra Navratri 2026 Muhurat: आज के पंचांग के अनुसार, नवरात्रि के पहले दिन उत्तर भाद्रपद नक्षत्र, शुक्ल योग, नाग करण और मीन राशि में चंद्रमा है. आज का सूर्योदय- 06:26 ए एम पर और चन्द्रोदय- 06:28 ए एम पर हुआ है, वहीं सूर्यास्त- 06:32 पी एम और चन्द्रास्त- 06:54 पी एम पर होगा. यहां विस्तार से देखें आज का पंचांग.
चैत्र नवरात्रि लाइव: चैत्र नवरात्रि के पहले दिन है दक्षिण का दिशाशूल, जानें आज के अशुभ समय
चैत्र नवरात्रि लाइव: आज दक्षिण का दिशाशूल है, इस दिशा में यात्रा करना वर्जित है. लेकिन अत्यंत ही आवश्यक होने पर आप ज्योतिष उपाय करके यात्रा पर निकल सकते हैं. आज कब-कब अशुभ समय है, यह नोट कर लें ताकि उस समय पर सावधानी रखें और कोई विशेष कार्य न करें.
आज के अशुभ समय
- यमगण्ड- 06:26 ए एम से 07:57 ए एम
- गुलिक काल- 09:28 ए एम से 10:58 ए एम
- दुर्मुहूर्त- 10:28 ए एम से 11:17 ए एम, 03:18 पी एम से 04:07 पी एम
- राहुकाल- 02:00 पी एम से 03:30 पी एम
Chaitra Navratri 2026 Muhurat: नवरात्रि के पहले दिन के शुभ चौघड़िया मुहूर्त, इसमें कर सकते हैं विशेष कार्य
Chaitra Navratri 2026 Muhurat: आज नवरात्रि के पहले दिन सुबह में ही शुभ-उत्तम मुहूर्त 06:26 ए एम से 07:57 ए एम तक रहा, जो कलश स्थापना मुहूर्त के साथ था. आज आपको कोई विशेष कार्य करना है तो आप दिनभर के सभी चौघड़िया मुहूर्त को देखकर सही समय का चुनाव कर सकते हैं.
दिन का शुभ चौघड़िया मुहूर्त
- शुभ-उत्तम: 06:26 ए एम से 07:57 ए एम
- चर-सामान्य: 10:58 ए एम से 12:29 पी एम
- लाभ-उन्नति: 12:29 पी एम से 02:00 पी एम
- अमृत-सर्वोत्तम: 02:00 पी एम से 03:30 पी एम
- शुभ-उत्तम: 05:01 पी एम से 06:32 पी एम
रात का शुभ चौघड़िया मुहूर्त
- अमृत-सर्वोत्तम: 06:32 पी एम से 08:01 पी एम
- चर-सामान्य: 08:01 पी एम से 09:30 पी एम
- लाभ-उन्नति: 12:28 ए एम से 01:58 ए एम, मार्च 20
- शुभ-उत्तम: 03:27 ए एम से 04:56 ए एम, मार्च 20
- अमृत-सर्वोत्तम: 04:56 ए एम से 06:25 ए एम, मार्च 20
Chaitra Navratri 2026 LIVE Updates: चैत्र नवरात्रि के साथ गुड़ी पड़वा, हिन्दू नववर्ष का शुभारंभ, वैष्णव देवी से लेकर सभी दुर्गा मंदिरों में भक्तों की भीड़
Chaitra Navratri 2026 LIVE Updates: आज चैत्र नवरात्रि के साथ गुड़ी पड़वा और हिन्दू नववर्ष का शुभारंभ हुआ है. आज सुबह से ही देशभर के दुर्गा मंदिरों में भक्तों की भीड़ मातारानी की कृपा पाने के लिए उमड़ पड़ी है. माता वैष्णो देवी के दरबार में दर्शन के लिए सुबह से भक्तों की भीड़ लगी है.
चैत्र नवरात्रि लाइव: कालकाजी मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम, 300 सीसीटीवी तो 3 एंट्री पॉइंट, वॉलंटियर्स भी तैनात
चैत्र नवरात्रि लाइव: दिल्ली के प्रसिद्ध कालकाजी मंदिर में इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं. मंदिर के महासचिव सिद्धार्थ भारद्वाज ने बताया कि नवरात्रि के दौरान भक्तों के लिए तीन मुख्य एंट्री पॉइंट और चार एग्जिट पॉइंट बनाए गए हैं. इससे भीड़ प्रबंधन आसान होगा और दर्शन में सुविधा रहेगी.
मुख्य एंट्री पॉइंट में पहला लोटस टेंपल की तरफ से तो दूसरा राम प्याऊ और तीसरा मोदी मिल यानी ओखला की तरफ से होगा. इसके अलावा, वीआईपी एंट्री राम प्याऊ पार्किंग की तरफ से अलग से बनाई गई है, ताकि वीआईपी श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो. वहीं, एग्जिट पॉइंट चार हैं, जिनमें राम प्याऊ, लोटस टेंपल, ओखला साइड और महंत परिसर (स्वामीनाथ महंत द्वार) शामिल हैं.
महासचिव सिद्धार्थ भारद्वाज ने बताया कि इस बार जहां से भक्त एंट्री करेंगे, वहीं से वे एग्जिट भी कर सकेंगे. इससे भीड़ का दबाव कम होगा और व्यवस्था सुचारू रहेगी. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. मंदिर परिसर में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. हर एंट्री-एग्जिट और महत्वपूर्ण पॉइंट पर सीसीटीवी की निगरानी है. दिल्ली पुलिस, अर्द्धसैनिक बल और मंदिर के 400 से 500 वॉलंटियर्स के साथ पर्सनल मार्शल तैनात हैं. (IANS)
Chaitra Navratri 2026 LIVE Updates: चैत्र नवरात्रि का पहला दिन आपके लिए कैसा है? पढ़ें 12 राशियों का आज का राशिफल
Chaitra Navratri 2026 LIVE Updates: आज चैत्र नवरात्रि का पहला दिन है. आज का दिन मेष से लेकर मीन तक की 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा, इसके लिए विस्तार से पढ़ें आज का राशिफल.
मेष: नवरात्रि का पहला दिन कार्यस्थल पर नए प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए यह सही समय है.
वृषभ: वृषभ वाले लोगों के लिए आज का दिन विशेष अवसरों से भरा रहेगा.
मिथुन: आज आपको व्यापार के क्षेत्र में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं.
कर्क: आज कार्यक्षेत्र में आपके प्रयासों की सराहना होगी और नए अवसर मिल सकते हैं.
सिंह: आज का दिन सिंह राशि वालों के लिए सकारात्मकता और ऊर्जा से भरपूर है.
Chaitra Navratri Aarti: घी के दीपक या कपूर से करें दुर्गा आरती, जय अम्बे गौरी, मैया जय श्यामा गौरी
Chaitra Navratri Aarti: चैत्र नवरात्रि में दुर्गा पूजा के अंत में आरती करते हैं. इसके लिए आप घी के दीपक या फिर कपूर का उपयोग कर सकते हैं. मां दुर्गा की आरती जय अम्बे गौरी, मैया जय श्यामा गौरी तो सभी भक्तों को याद होती है.
मां दुर्गा की आरती
जय अम्बे गौरी, मैया जय श्यामा गौरी।
तुमको निशदिन ध्यावत, हरि ब्रह्मा शिवरी।। जय अम्बे गौरी…
मांग सिंदूर बिराजत, टीको मृगमद को।
उज्ज्वल से दोउ नैना, चंद्रबदन नीको।। जय अम्बे गौरी…
कनक समान कलेवर, रक्ताम्बर राजै।
रक्तपुष्प गल माला, कंठन पर साजै।। जय अम्बे गौरी…
केहरि वाहन राजत, खड्ग खप्परधारी।
सुर-नर मुनिजन सेवत, तिनके दुःखहारी।। जय अम्बे गौरी…
कानन कुण्डल शोभित, नासाग्रे मोती।
कोटिक चंद्र दिवाकर, राजत समज्योति।। जय अम्बे गौरी…
शुम्भ निशुम्भ बिडारे, महिषासुर घाती।
धूम्र विलोचन नैना, निशिदिन मदमाती।। जय अम्बे गौरी…
चण्ड-मुण्ड संहारे, शौणित बीज हरे।
मधु कैटभ दोउ मारे, सुर भयहीन करे।। जय अम्बे गौरी…
ब्रह्माणी, रुद्राणी, तुम कमला रानी।
आगम निगम बखानी, तुम शिव पटरानी।। जय अम्बे गौरी…
चौंसठ योगिनि मंगल गावैं, नृत्य करत भैरू।
बाजत ताल मृदंगा, अरू बाजत डमरू।। जय अम्बे गौरी…
तुम ही जग की माता, तुम ही हो भरता।
भक्तन की दुःख हरता, सुख सम्पत्ति करता।। जय अम्बे गौरी…
भुजा चार अति शोभित, खड्ग खप्परधारी।
मनवांछित फल पावत, सेवत नर नारी।। जय अम्बे गौरी…
कंचन थाल विराजत, अगर कपूर बाती।
श्री मालकेतु में राजत, कोटि रतन ज्योति।। जय अम्बे गौरी…
अम्बेजी की आरती जो कोई नर गावै।
कहत शिवानंद स्वामी, सुख-सम्पत्ति पावै।। जय अम्बे गौरी…
चैत्र नवरात्रि लाइव: आज सुनें मां दुर्गा के ये स्पेशल भजन, आपका दिन बन जाएगा स्पेशल, कार्य होंगे सफल
चैत्र नवरात्रि लाइव: चैत्र नवरात्रि के सभी दिन पावन होते हैं, लेकिन पहले दिन कलश स्थापना करके दुर्गा आह्वान करते हैं, जिससे यह दिन बहुत स्पेशल होता है. इस दिन आप मां दुर्गा के भजन को सुनकर अपने दिन को खास बना सकते हैं. आप इन मधुर भजनों को सुनकर भक्ति के रस से सराबोर हो जाएंगे.
Navratri Kalash Sthapana Muhurat: सुबह में कलश स्थापना के लिए 50 मिनट का मुहूर्त, दोपहर में मिलेगा 48 मिनट
Navratri Kalash Sthapana Muhurat: आज नवरात्रि के कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6:52 बजे से है, लेकिन आपको इसके लिए 50 मिनट का ही शुभ समय मिलेगा. उसके बाद दोपहर में कलश स्थापना के लिए 48 मिनट का समय प्राप्त होगा. दोपहर में अभिजीत मुहूर्त में घटस्थापना कर सकते हैं.
- कलश स्थापना मुहूर्त: 06:52 ए एम से 07:43 ए एम तक
- घटस्थापना अभिजित मुहूर्त: दोपहर 12:05 पी एम से 12:53 पी एम तक
Chaitra Navratri 2026 LIVE Updates: पूजा के समय पढ़ें दुर्गा चालीस, नमो नमो दुर्गे सुख करनी, नमो नमो दुर्गे दुःख हरनी
Chaitra Navratri 2026 LIVE Updates: चैत्र नवरात्रि में दुर्गा पूजा के समय में श्री दुर्गा चालीसा का पाठ करते हैं, जिसमें मां दुर्गा की महिमा का वर्णन किया गया है.
श्री दुर्गा चालीसा
नमो नमो दुर्गे सुख करनी। नमो नमो दुर्गे दुःख हरनी॥
निरंकार है ज्योति तुम्हारी। तिहूं लोक फैली उजियारी॥
शशि ललाट मुख महाविशाला। नेत्र लाल भृकुटि विकराला॥
रूप मातु को अधिक सुहावे। दरश करत जन अति सुख पावे॥
तुम संसार शक्ति लै कीना। पालन हेतु अन्न धन दीना॥
अन्नपूर्णा हुई जग पाला। तुम ही आदि सुन्दरी बाला॥
प्रलयकाल सब नाशन हारी। तुम गौरी शिवशंकर प्यारी॥
शिव योगी तुम्हरे गुण गावें। ब्रह्मा विष्णु तुम्हें नित ध्यावें॥
रूप सरस्वती को तुम धारा। दे सुबुद्धि ऋषि मुनिन उबारा॥
धरयो रूप नरसिंह को अम्बा। परगट भई फाड़कर खम्बा॥
रक्षा करि प्रह्लाद बचायो। हिरण्याक्ष को स्वर्ग पठायो॥
लक्ष्मी रूप धरो जग माहीं। श्री नारायण अंग समाहीं॥
क्षीरसिन्धु में करत विलासा। दयासिन्धु दीजै मन आसा॥
हिंगलाज में तुम्हीं भवानी। महिमा अमित न जात बखानी॥
मातंगी अरु धूमावति माता। भुवनेश्वरी बगला सुख दाता॥
श्री भैरव तारा जग तारिणी। छिन्न भाल भव दुःख निवारिणी॥
केहरि वाहन सोह भवानी। लांगुर वीर चलत अगवानी॥
कर में खप्पर खड्ग विराजै। जाको देख काल डर भाजै॥
सोहै अस्त्र और त्रिशूला। जाते उठत शत्रु हिय शूला॥
नगरकोट में तुम्हीं विराजत। तिहुंलोक में डंका बाजत॥
शुंभ निशुंभ दानव तुम मारे। रक्तबीज शंखन संहारे॥
महिषासुर नृप अति अभिमानी। जेहि अघ भार मही अकुलानी॥
रूप कराल कालिका धारा। सेन सहित तुम तिहि संहारा॥
परी गाढ़ संतन पर जब जब। भई सहाय मातु तुम तब तब॥
अमरपुरी अरु बासव लोका। तब महिमा सब रहें अशोका॥
ज्वाला में है ज्योति तुम्हारी। तुम्हें सदा पूजें नर-नारी॥
प्रेम भक्ति से जो यश गावें। दुःख दारिद्र निकट नहिं आवें॥
ध्यावे तुम्हें जो नर मन लाई। जन्म-मरण ताकौ छुटि जाई॥
जोगी सुर मुनि कहत पुकारी। योग न हो बिन शक्ति तुम्हारी॥
शंकर आचारज तप कीनो। काम अरु क्रोध जीति सब लीनो॥
निशिदिन ध्यान धरो शंकर को। काहु काल नहिं सुमिरो तुमको॥
शक्ति रूप का मरम न पायो। शक्ति गई तब मन पछितायो॥
शरणागत हुई कीर्ति बखानी। जय जय जय जगदम्ब भवानी॥
भई प्रसन्न आदि जगदम्बा। दई शक्ति नहिं कीन विलम्बा॥
मोको मातु कष्ट अति घेरो। तुम बिन कौन हरै दुःख मेरो॥
आशा तृष्णा निपट सतावें। रिपू मुरख मौही डरपावे॥
शत्रु नाश कीजै महारानी। सुमिरौं इकचित तुम्हें भवानी॥
करो कृपा हे मातु दयाला। ऋद्धि-सिद्धि दै करहु निहाला।
जब लगि जिऊं दया फल पाऊं। तुम्हरो यश मैं सदा सुनाऊं॥
दुर्गा चालीसा जो कोई गावै। सब सुख भोग परमपद पावै॥
देवीदास शरण निज जानी। करहु कृपा जगदम्बा भवानी॥
दोहा
शरणागत रक्षा करे, भक्त रहे नि:शंक।
मैं आया तेरी शरण में, मातु लिजिये अंक॥
Chaitra Navratri LIVE: चैत्र नवरात्रि के पहले दिन बन रहे 6 शुभ संयोग, सब एक से बढ़कर एक
Chaitra Navratri LIVE: आज चैत्र नवरात्रि का प्रारंभ 6 शुभ संयोग में हुआ है. नवरात्रि के पहले दिन बनने वाले इन शुभ संयोगों ने इस दिन को और भी पुण्य फलदायी बना दिया है.
- शुक्ल योग: प्रात:काल से देर रात 01:17 ए एम तक
- ब्रह्म योग: देर रात 01:17 ए एम से कल रात 10:15 बजे तक
- सर्वार्थ सिद्धि योग: कल, 04:05 ए एम से 06:25 ए एम तक, प्रतिपदा तिथि में
- गुरुवार व्रत: नवरात्रि का प्रारंभ गुरुवार दिन से हुआ है. इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करते हैं. आज आपको श्रीहरि के साथ मां दुर्गा की भी कृपा प्राप्त होगी.
- हिन्दू नववर्ष: चैत्र नवरात्रि के पहले दिन हिन्दू नववर्ष 2083 का प्रारंभ हुआ है. इसे गुड़ी पड़वा, उगादी भी कहते हैं.
- राज पंचक: नवरात्रि के पहले दिन राज पंचक भी है. इसे शुभ फलदायी माना गया है. इसमें सरकारी कार्य, प्रॉपर्टी और करियर से जुड़े कार्यों में सफलता मिलती है.
Chaitra Navratri 2026 Live Updates: चैत्र नवरात्रि के पहले दिन करें, मां शैलपुत्री की पूजा, जानें विधि, मंत्र, पूजन सामग्री
Chaitra Navratri 2026 Live Updates: आज नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा करते हैं. कलश स्थापना के बाद उनकी पूजा विधि विधान से करें. यह पहली नवदुर्गा हैं, जिन्होंने पर्वतराज हिमालय के घर पुत्री के रूप में जन्म लिया. इस वजह से इनको शैलपुत्री कहा जाता है. आज के दिन ॐ शं शैलपुत्री दैव्यै नमः मंत्र का जाप करने से आत्मविश्वास बढ़ाता है. विस्तार से पढ़ें मां शैलपुत्री की पूजा विधि और महत्व.
चैत्र नवरात्रि लाइव: नवरात्रि का हर दिन, जीवन में नई उमंग लाए, आपका हर सपना साकार हो जाए, चैत्र नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं!
चैत्र नवरात्रि लाइव: आज चैत्र नवरात्रि के अवसर पर आप अपने प्रियजनों को शुभकामना और बधाई संदेश भेजें, ताकि उन पर फिर मातारानी की कृपा हो. उनके जीवन में भी खुशहाली आए.
- नवरात्रि का हर दिन,
आपके जीवन में नई उमंग लाए,
और हर सपना साकार हो जाए,
चैत्र नवरात्रि 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं!
- सदा प्रसन्न रहे आपका परिवार,
मां के चरणों में रहे आपका संसार,
दूर हो जाएं सारी विपत्तियां,
ऐसा हो आपका यह चैत्र नवरात्रि का त्योहार.
Happy Chaitra Navratri 2026
Navratri Kalash Sthapana Muhurat: सुबह 6:52 बजे से कलश स्थापना मुहूर्त, कुल 50 मिनट का समय, मिलेगा शुभ-उत्तम मुहूर्त भी
Navratri Kalash Sthapana Muhurat: आज चैत्र नवरात्रि के पहले दिन सुबह में कलश स्थापना के लिए 50 मिनट का शुभ मुहूर्त है. जिन लोगों को आज कलश स्थापना करना है, वे लोग सुबह में 6 बजकर 52 मिनट से कलश स्थापना कर सकते हैं. यह शुभ समय सुबह में 7 बजकर 43 मिनट तक रहेगा. इस समय में दिन का शुभ-उत्तम मुहूर्त सुबह 06:26 बजे से लेकर 07:57 बजे तक है.
- कलश स्थापना मुहूर्त: 06:52 ए एम से 07:43 ए एम तक
- शुभ-उत्तम मुहूर्त: 06:26 ए एम से 07:57 ए एम तक


