100 साल बाद महाशिवरात्रि पर बना दुर्लभ संयोग! इन तीन राशिवालों का कायाकल्प
कुछ तिथियां ऐसी होती हैं जो भगवान भोलेनाथ को अत्यंत प्रिय मानी जाती हैं, और उन्हीं में से एक है महाशिवरात्रि. शास्त्रों में महाशिवरात्रि का विशेष महत्व बताया गया है.मान्यता है कि इस पावन तिथि पर जो भी भक्त सच्चे मन से भगवान शिव का व्रत रखकर पूजा-अर्चना करता है, उसकी मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती है.
सालभर बाबा भोलेनाथ की विशेष कृपा बनी रहती है.इस वर्ष 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पावन व्रत रखा जाएगा. खास बात यह है कि इस दिन ग्रह-नक्षत्रों का एक अत्यंत दुर्लभ और शुभ संयोग भी बन रहा है. क्या कुछ खास संयोग बनने जा रहा है. इसका प्रभाव किन राशि के ऊपर सकारात्मक पड़ेगा देवघर के ज्योतिषाचार्य से जानते है.
क्या कहते है देवघर के ज्योतिषाचार्य
देवघर के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित नंदकिशोर मुद्गल ने लोकल 18 के संवाददाता से बातचीत में बताया कि महाशिवरात्रि के दिन लगभग 100 वर्षों बाद सूर्य, शुक्र और बुध की युति बनने जा रही है, जिसे ज्योतिष शास्त्र में बेहद शुभ माना गया है.पंडित नंदकिशोर मुद्गल के अनुसार, इस शुभ तिथि पर लक्ष्मी नारायण योग, बुध आदित्य योग और शुक्रादित्य योग भी एक साथ बन रहे हैं. इन शुभ योगों का प्रभाव तीन राशियों पर विशेष रूप से सकारात्मक रहने वाला है. इन राशियों पर भगवान भोलेनाथ की विशेष कृपा बरसने के संकेत मिल रहे हैं.ये तीन मेष, कन्या और वृश्चिक राशियां है.
इन तीन राशियों का चमकेगा भाग्य
महाशिवरात्रि के दिन मेष राशि के जातकों पर बाबा बैद्यनाथ की विशेष कृपा रहेगी. लंबे समय से अटके हुए कार्य पूरे होंगे और आर्थिक स्थिति में मजबूती आएगी. आय के नए स्रोत बन सकते हैं और धन लाभ के योग प्रबल रहेंगे. मानसिक रूप से व्यक्ति प्रसन्न रहेगा और आध्यात्मिक गतिविधियों की ओर झुकाव बढ़ेगा.परिवार में सुख-शांति का माहौल बना रहेगा और आपसी संबंधों में मधुरता आएगी.
कन्या राशि के जातकों के लिए भी महाशिवरात्रि का दिन अत्यंत शुभ साबित होने वाला है. करियर और कारोबार में उन्नति के संकेत हैं. जो जातक व्यापार से जुड़े हैं, उनके कारोबार में तेजी आएगी और अच्छा लाभ प्राप्त होगा. आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और यदि कोई व्यक्ति कर्ज में है तो उसे कर्ज से मुक्ति मिलने की प्रबल संभावना है.नौकरीपेशा लोगों को भी पदोन्नति या प्रशंसा मिल सकती है.
वृश्चिक राशि के जातकों पर भी महाशिवरात्रि के दिन सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा. लंबे समय से अधूरे पड़े कार्य पूरे होंगे.कोर्ट-कचहरी या कानूनी मामलों में फैसला आपके पक्ष में आ सकता है. पारिवारिक जीवन में शांति और सुख बना रहेगा.जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा, जिससे आत्मविश्वास बढ़ेगा. साथ ही आध्यात्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी और मन को विशेष शांति का अनुभव होगा.
कुल मिलाकर, इस वर्ष की महाशिवरात्रि न सिर्फ धार्मिक दृष्टि से बल्कि ज्योतिषीय दृष्टि से भी बेहद खास मानी जा रही है. ऐसे में शिव भक्तों के लिए यह दिन पूजा, व्रत और साधना के माध्यम से बाबा भोलेनाथ की विशेष कृपा पाने का सुनहरा अवसर है.


