Ratha Saptami 2026 Date: रथ सप्तमी पर बन रहे 5 शुभ संयोग, कुंडली के सूर्य दोष को करना है दूर, तो यह दिन बेस्ट
Last Updated:
Ratha Saptami 2026 Date: माघ शुक्ल सप्तमी को रविवार दिन होने से रथ सप्तमी है. इस दिन रवि योग, साध्य योग समेत 5 शुभ संयोग बन रहे हैं. रथ सप्तमी पर सूर्य दोष से मुक्ति के उपाय कर सकते हैं. आइए जानते हैं कि रथ सप्तमी कब है? सूर्य दोष के उपाय क्या हैं?
Ratha Saptami 2026 Date: रथ सप्तमी को भानु सप्तमी भी कहा जाता है. जिस माह के कृष्ण या शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को रविवार का दिन होता है, उस दिन रथ सप्तमी मनाते हैं. इस बार माघ माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को रविवार पड़ रहा है, इस वजह से उस दिन रथ सप्तमी है. इस रथ सप्तमी पर 5 शुभ संयोग बन रहे हैं. यदि आपकी कुंडली में सूर्य दोष है तो उसके निवारण के लिए यह बहुत अच्छा दिन है. आइए जानते हैं कि रथ सप्तमी कब है? रथ सप्तमी पर कौन से 5 शुभ संयोग बन रहे हैं और सूर्य दोष उपाय क्या हैं?
रथ सप्तमी 2026 तारीख
दृक पंचांग के अनुसार, माघ माह के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि 25 जनवरी दिन रविवार को 12:39 एएम से शुरू हो रही है और यह 25 जनवरी को ही रात 11 बजकर 10 मिनट पर खत्म हो रही है. ऐसे में उदयातिथि के आधार पर रथ सप्तमी 25 जनवरी को है.
रथ सप्तमी मुहूर्त
रथ सप्तमी के दिन सूर्योदय 07:13 ए एम पर होगा. इस दिन ब्रह्म मुहूर्त 05:26 ए एम से 06:19 ए एम तक है. रथ सप्तमी पर अभिजीत मुहूर्त दोपहर में 12:12 पी एम से 12:55 पी एम तक है. सुबह 08:33 ए एम से लेकर 12:34 पी एम तक का समय अच्छा है. इसमें आप रथ सप्तमी का पूजा, दान आदि कर सकते हैं.
5 शुभ संयोग में रथ सप्तमी
- पहला शुभ संयोग: रथ सप्तमी के दिन पहला संयोग रवि योग का है. इस दिन रवि योग सुबह में 07:13 ए एम से लेकर दोपहर 01:35 पी एम तक है. रवि योग में सूर्य देव का प्रभाव अधिक होता है, जिसकी वजह से सभी प्रकार के दोष मिट जाते हैं.
- दूसरा शुभ संयोग: इस दिन दूसरा शुभ संयोग सर्वार्थ सिद्धि योग का है. सर्वार्थ सिद्धि योग दोपहर में 01:35 पी एम से लेकर अगले दिन 26 जनवरी को सुबह 07:12 ए एम तक है. सर्वार्थ सिद्धि योग में किए गए कार्य सफल होते हैं. यह एक बेहद ही शुभ योग है.
- तीसरा शुभ संयोग: रथ सप्तमी पर तीसरा शुभ संयोग सिद्ध योग का है. इस दिन सिद्ध योग प्रात:काल से लेकर दिन में 11:46 ए एम तक है. यह योग ध्यान, जप, योग, साधना आदि के लिए अच्छा माना जाता है.
- चौथा शुभ संयोग: इस दिन का चौथा शुभ संयोग साध्य योग है. साध्य योग दिन में 11:46 ए एम से बनेगा और 26 जनवरी को सुबह 9 बजकर 11 मिनट तक रहेगा. यह योग भी कार्यों में सफलता के लिए शुभ है.
- पांचवा शुभ संयोग: रथ सप्तमी पर रेवती नक्षत्र का संयोग बना है. रेवती नक्षत्र प्रात:काल से लेकर दोपहर 01 बजकर 35 मिनट तक है. उसके बाद से अश्विनी नक्षत्र है. रेवती नक्षत्र के स्वामी ग्रह बुध हैं. रेवती नक्षत्र में शुभ कार्य करना अच्छा होता है.
रथ सप्तमी पर सूर्य दोष के उपाय
रथ सप्तमी के अवसर पर आप सूर्य दोष के निवारण के लिए व्रत रखें. सुबह में स्नान करने के बाद सूर्य देव की पूजा करें और अर्घ्य दें. इसके लिए तांबे के लोटे में पानी भरकर उसमें गुड़, लाल रंग के फूल, लाल चंदन आदि डालकर अर्घ्य दें. उस समय सूर्य मंत्र का उच्चारण करें.
सूर्य देव की पूजा के बाद लाल रंग के वस्त्र, लाल रंग के फल, गेहूं, गुड़, केसर, लाल चंदन, तांबा, सोना आदि का दान कर सकते हैं. आप चाहें तो सूर्य दोष को दूर करने के लिए माणिक्य धारण कर सकते हैं.
About the Author
कार्तिकेय तिवारी Hindi News18 Digital में Deputy News Editor के पद पर कार्यरत हैं. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और फेंगशुई से जुड़ी खबरों पर काम करते हैं. पत्रकारिता में 12 वर्षों का अनुभव है. डिजिटल पत्रक…और पढ़ें


