न महंगे यज्ञ, न लंबी पूजा, कमजोर ग्रहों को ठीक करने के सरल असरदार उपाय, बदल सकते हैं जीवन, जानें कैसे?
Planet Remedies At Home: कई बार ज़िंदगी में सब कुछ ठीक होते हुए भी काम अटकने लगते हैं. मेहनत पूरी होती है, फिर भी रिज़ल्ट नहीं मिलता. घर में बेवजह तनाव रहता है, सेहत ढीली चलती है या पैसों की दिक्कत बनी रहती है. ऐसे में अकसर लोग कहते हैं कि “ग्रह ठीक नहीं चल रहे.” ज्योतिष के मुताबिक ग्रहों का असर हमारी दिनचर्या, सोच और फैसलों पर पड़ता है. लेकिन हर छोटी परेशानी के लिए महंगे पूजा-पाठ या लंबी विधियों में उलझना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. अच्छी बात ये है कि ग्रहों को बेहतर करने के लिए बहुत भारी नियम या खर्च जरूरी नहीं होते. कुछ छोटे-छोटे काम अगर रोज़ की आदत में शामिल कर लिए जाएं, तो धीरे-धीरे असर दिखने लगता है. ये उपाय ऐसे हैं जिन्हें कोई भी इंसान अपने घर और अपनी लाइफस्टाइल में आसानी से अपना सकता है. इसमें न डर है, न दिखावा और न ही किसी खास जगह पर जाने की मजबूरी. इस आर्टिकल में भोपाल निवासी ज्योतिषी एवं वास्तु सलाहकार पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा बताएंगे कि कैसे सूर्य से लेकर केतू तक, हर ग्रह को अपने साधारण कर्म और सही सोच से मजबूत किया जा सकता है. ये उपाय सालों से आज़माए जा रहे हैं और सबसे खास बात ये है कि इनसे आपकी आदतें भी बेहतर होती हैं, जो अपने आप में बहुत बड़ा फायदा है.
सूर्य ग्रह को कैसे मजबूत करें
सूर्य आत्मविश्वास, सेहत और सम्मान से जुड़ा माना जाता है, अगर सुबह उठते ही भारीपन महसूस होता है या मन कमजोर रहता है, तो सूर्य पर ध्यान देना जरूरी है. सुबह जल्दी उठकर खुले आसमान में कुछ देर सूर्य की तरफ देखें. आंखें बंद कर सकते हैं या हल्की नजर से देख सकते हैं. रोज़ का ये छोटा सा काम शरीर को एनर्जी देता है और मन को स्थिर करता है.
चंद्रमा को शांत रखने का तरीका
चंद्रमा मन और भावनाओं से जुड़ा होता है. ज्यादा सोच, बेचैनी या नींद की दिक्कत चंद्र के कमजोर होने का संकेत मानी जाती है. रोज़ 1 मिनट के लिए “ओम्” का उच्चारण करते हुए शांत बैठ जाएं. सांस पर ध्यान रखें. ये छोटा सा अभ्यास मन को हल्का करता है और मूड को संतुलित रखता है.
गुरु को मजबूत बनाने का आसान उपाय
गुरु सही फैसले, समझदारी और सीखने की ताकत देता है. शाम के समय सरसों के तेल का दीपक जला दें. इसे किसी शांत जगह पर रखें. ये आदत धैर्य बढ़ाती है और सोच को साफ करती है, जिससे गुरु का असर मजबूत होता है.
राहु को ठीक करने का सरल तरीका
राहु अचानक परेशानियां और उलझन लाता है. जब भी रास्ते में कोई कुत्ता दिखे, उसे प्यार से कुछ खाने को दे दें. डर या गुस्से के बिना किया गया ये छोटा काम राहु के असर को धीरे-धीरे शांत करता है.
बुध को अच्छा करने के लिए क्या करें
बुध बोलने की कला, समझ और दिमागी तेज से जुड़ा होता है. रोज़ तुलसी के पौधे को थोड़ा जल चढ़ा दें या बस दर्शन कर लें. इससे सोच साफ रहती है और बातचीत में संतुलन आता है.
शुक्र को मजबूत रखने का तरीका
शुक्र आराम, रिश्तों और सुंदरता से जुड़ा है. अपने आसपास और अपने घर को साफ रखें. खुद पर भी ध्यान दें. साफ कपड़े पहनना, बेवजह की गंदगी हटाना शुक्र को मजबूत करता है और मन भी खुश रहता है.
शनि को शांत कैसे करें
शनि मेहनत और जिम्मेदारी का ग्रह माना जाता है. किसी गरीब या मेहनत करने वाले इंसान को अपनी हैसियत के हिसाब से पैसे या मदद दें. बिना दिखावे के किया गया दान शनि के असर को हल्का करता है.
केतू को बेहतर करने का उपाय
केतू भ्रम और अकेलेपन से जुड़ा होता है. रोज़ पक्षियों को थोड़ा अनाज डाल दें. ये छोटा सा काम मन को स्थिर करता है और नकारात्मक सोच कम करता है.

मंगल को मजबूत करने का तरीका
मंगल साहस और ऊर्जा का ग्रह है. जो लोग सुरक्षा में तैनात रहते हैं या ड्रेस कोड में काम करते हैं, उन्हें पानी पिला दें या सम्मान से बात करें. इससे मंगल से जुड़ी चिड़चिड़ाहट और गुस्सा कम होता है.


