2026 Horoscope Mulank 2: 2, 11, 20 या 29 तारीख को जन्मे लोगों के लिए कैसा रहेगा नया साल 2026? अंक ज्योतिष खोलेगा हर राज
Mulank 2 2026 Horoscope: नए साल 2026 का शुभारंभ होने वाला है. अभी से लोगों के मन में नए साल में अपने भविष्य को लेकर कई सवाल घूम रहे हैं. नया साल 2026 उनके करियर, प्रॉपर्टी, निवेश, सेहत, शिक्षा आदि के लिए कैसा रहने वाला है. आज हम 2, 11, 20 या 29 तारीख को जन्मे लोगों के लिए नया साल 2026 कैसा रहेगा? इस बारे में बताने जा रहे हैं. अंक ज्योतिष की मदद से मूलांक 2 वालों के नए साल की भविष्यवाणी की जा रही है.
नए साल 2026 में दो बार है अंक 2
अंक ज्योतिष के अनुसार देखा जाए तो नए साल 2026 में अंक 2 दो बार आता है. अंक 2 का स्वामी ग्रह चंद्रमा है और चंद्रमा को स्त्री तत्व का प्रतीक माना जाता है, वहीं 2026 में अंक 6 है, जिसका स्वामी ग्रह शुक्र है. शुक्र को भौतिक सुख और सुविधाओं, प्रेम, ग्लैमर, फैशन के क्षेत्र से जुड़ा मानते हैं. जब 2026 की गणना करते हैं तो 2+0+2+6=10 होता है, जो एकल संख्या में अंक 1 है. अंक 1 का स्वामी ग्रह सूर्य है. कुल मिलाकर नया साल 2026 ग्रहों के राजा सूर्य का होगा.
मूलांक 2 के लिए कैसा रहेगा नया साल?
करियर में होगी उन्नति, धन लाभ भी
नए साल में मूलांक 2 वालों को करियर में सफलता प्राप्त होगी. अगर कोई आपका बड़ा काम अटका पड़ा है तो वह नए साल में पूरा हो सकता है. काम में आने वाली अड़चनें दूर होंगी. जो लोग नई जॉब की तलाश में हैं, उन लोगों को नई नौकरी मिलने का योग है, वहीं जॉब में ट्रांसफर भी हो सकता है. जो लोग सोने-चांदी, बैंकिंग सेक्टर, लेखन, क्रिएटिव फील्ड आदि से जुड़े हैं, उनके लिए नया साल शानदार रहेगा. वे अच्छा धन लाभ प्राप्त कर सकते हैं. शेयर मार्केट और प्रॉपर्टी में निवेश से लाभ होगा, लेकिन सभी पहलुओं को अच्छे से जांच लेना समझदारी होगी.
शिक्षा प्रतियोगिता में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन
शिक्षा प्रतियोगिता से जुड़े लोगों को अप्रत्याशित नतीजे मिल सकते हैं, जिसके बारे में आपको भी उम्मीद नहीं होगी. नए साल में आप उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं. नया साल आपकी शिक्षा और परीक्षा से जुड़ी बातों के लिए अनुकूल है. कम मेहनत में अच्छा परिणाम मिल सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आप मेहनत करना ही छोड़ दें.
बनेंगे नए दोस्त
नए साल में आपके कुछ नए दोस्त बनेंगे. जो आगे चलकर आपके लिए मददगार होंगे. लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि दोस्त के लिए दोस्त बनना होता है. दोस्ती निभानी होती है.
सेहत रहेगी अच्छी
नया साल मूलांक 2 वालों के स्वास्थ्य के लिए बहुत ही अच्छा रहेगा. अगर आपने 2025 में कई प्रकार की सेहत से जुड़ी समस्याओं या ऑपरेशन का सामना किया है तो नए साल में आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. नए साल में आप सेहतमंद रहेंगे और अस्पताल का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. नए साल में सेहत से जुड़ी कोई बड़ी परेशानी सामने आने की आशंका कम लगती है.
लाइफ पार्टनर का रखें ध्यान
नए साल में मूलांक 2 की लव लाइफ या वैवाहिक जीवन ठीक रहेगा, लेकिन आपको अपने पार्टनर की सेहत का ध्यान रखना होगा. आपका पार्टनर सेहत से जुड़ी समस्याओं का सामना कर सकता है.
नए साल में मूलांक 2 वालों को ध्यान रखने वाली बातें
- नए साल में मूलांक 2 वाले लोग अपने गुरु का अपमान मत करें. शिक्षा देने वाला हर व्यक्ति गुरु होता है, जिससे आपके जीवन में उन्नति हुई है या होने वाली है. उसका सम्मान करें, इससे आपको ही लाभ होगा.
- आपको नए साल में कुछ कानूनी कागजों या डील साइन करने को मिल सकती है. लेकिन कागजात को बिना पढ़े, उसे अच्छे से जाने बगैर हस्ताक्षर न करें, वरना आप मुश्किल में फंस सकते हैं. कोई आपको धोखा दे सकता है, इसलिए जब भी किसी डील या हस्ताक्षर की बात आए तो अपने वकील से सलाह जरूर ले लें.
मूलांक 2 के लिए जीत का मंत्र
नए साल में मूलांक 2 वालों के लिए जीत का मंत्र है- पाछे ताहि बिसार दे, आगे की सुध लेय. मूलांक 2 वाले लोगों को बहुत सोचने की आदत होती है, ये लोग कल्पनाओं की दुनिया में रहते हैं. ऐसे लोगों को सलाह है कि पिछले साल आपके साथ क्या हुआ, उसे भूल जाएं और नए साल का स्वागत नई उम्मीदों के साथ करें. आप तनाव से मुक्त रहेंगे तो सफलता आपके कदम चूमेगी.


