1 मार्च को बन रहा पुष्य और अश्लेषा नक्षत्र का संयोग, आज जन्मे बच्चों पर क्या पड़ेगा प्रभाव
अयोध्या: मानव जीवन पर ज्योतिष शास्त्र का विशेष महत्व होता है. ज्योतिषीय गणना के आधार पर ही ज्योतिषी व्यक्ति के भविष्य और कुंडली का आकलन ग्रहण नक्षत्र के हिसाब से करते हैं. प्रतिदिन ग्रह नक्षत्र की स्थिति में बदलाव भी होता है. जिसका प्रभाव मानव जीवन पर जन्म से लेकर मृत्यु तक सकारात्मक और नकारात्मक तौर पर रहता है. ऐसी स्थिति में आज एक मार्च है और दिन रविवार है. आज के दिन ग्रह नक्षत्र और राशि की कैसी स्थिति रहेगी. आज के दिन जन्म लेने वाले बच्चों पर कैसा प्रभाव पड़ेगा. इन तमाम सवालों का जवाब आज हम आपको इस रिपोर्ट में विस्तार से बताएंगे, तो चलिए जानते हैं.
शुक्ल त्रयोदशी में जन्मे बच्चों में उन्नति, आत्मविश्वास और प्रतिष्ठा के प्रबल योग
अयोध्या के आचार्य सीताराम दास ने बताया कि 1 मार्च 2026 को जन्म लेने वाले बच्चों का जन्म समय ज्योतिषीय दृष्टि से अत्यंत विशेष माना जा सकता है. इस दिन शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि संध्या 7:09 बजे तक रहेगी, जो वृद्धि, उन्नति और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक मानी जाती है. त्रयोदशी तिथि में जन्म लेने वाले बच्चों में जीवन में आगे बढ़ने की प्रबल इच्छा, आत्मविश्वास और सामाजिक प्रतिष्ठा प्राप्त करने की क्षमता देखी जाती है.
पुष्य नक्षत्र का प्रभाव: अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्थिर प्रगति के संकेत
इस दिन प्रातः 8:34 बजे तक पुष्य नक्षत्र रहेगा, उसके बाद अश्लेषा नक्षत्र प्रारंभ होगा. पुष्य नक्षत्र को अत्यंत शुभ और पालन-पोषण से जुड़ा नक्षत्र माना जाता है. इस नक्षत्र के स्वामी शनि हैं, जो अनुशासन, धैर्य और जिम्मेदारी के प्रतीक हैं. सुबह 8:34 बजे तक जन्म लेने वाले बच्चे स्वभाव से आकर्षक, संवेदनशील, सहायक और कलात्मक रुचि वाले हो सकते हैं. इनमें नेतृत्व की क्षमता तो होती ही है, साथ ही ये परिवार और समाज के प्रति कर्तव्यनिष्ठ भी होते हैं. जीवन में धीरे-धीरे लेकिन स्थिर प्रगति इनकी विशेषता हो सकती है.
अश्लेषा नक्षत्र: तीव्र बुद्धि और रणनीतिक सोच
सुबह 8:34 बजे के बाद जन्म लेने वाले बच्चों पर अश्लेषा नक्षत्र का प्रभाव रहेगा.अश्लेषा नक्षत्र के स्वामी बुध हैं, जो बुद्धि, वाणी और तर्क क्षमता का प्रतिनिधित्व करते हैं.इस नक्षत्र में जन्मे बच्चे तीव्र बुद्धि, चतुराई और विश्लेषणात्मक सोच के धनी हो सकते हैं. इनमें गहरी समझ, रहस्यमयी आकर्षण और आध्यात्मिक झुकाव देखने को मिल सकता है.ये परिस्थितियों को जल्दी समझ लेते हैं और रणनीतिक सोच में निपुण हो सकते हैं.
कर्क राशि में चंद्रमा: भावुकता और परिवार के प्रति समर्पण
इस दिन चंद्रमा कर्क राशि में रहेगा कर्क राशि का स्वामी भी चंद्रमा ही है, जो भावनाओं, संवेदनशीलता और मातृत्व गुणों का प्रतीक है.इसलिए इस दिन जन्मे बच्चे भावुक, दयालु, परिवार-प्रेमी और संरक्षण देने वाले स्वभाव के हो सकते हैं.वे अपने प्रियजनों के प्रति अत्यंत समर्पित रहते हैं और भावनात्मक सुरक्षा को महत्व देते हैं.
कुंभ राशि में सूर्य: मौलिक सोच और शुभ नामकरण संकेत
सूर्य कुंभ राशि में रहेगा, जो स्वतंत्र सोच, नवीन विचार और समाज सेवा की भावना को दर्शाता है इससे बच्चों में मौलिक सोच, मानवता के प्रति संवेदनशीलता और अलग पहचान बनाने की इच्छा विकसित हो सकती है.नामकरण के लिए यदि जन्म पुष्य नक्षत्र में हुआ हो तो “हू, हे, हो, डा” अक्षर शुभ माने जाते हैं. यदि जन्म अश्लेषा नक्षत्र में हुआ हो तो “डी, डू, डे, डो” अक्षर से नाम प्रारंभ करना शुभ रहेगा.


