मार्च मासिक राशिफल: मेष रहें सतर्क! वृषभ की उभरेगी बीमारी, मिथुन पाएंगे सफलता
March Monthly Horoscope 2026: गणेशजी कहते हैं कि मार्च का महीना अधिकांश राशियों के लिए मिलाजुला परिणाम लेकर आएगा, जिसमें परिश्रम, धैर्य और सही निर्णय ही सफलता की कुंजी बनेंगे. माह की शुरुआत कई जातकों के लिए सकारात्मक रहेगी, जहां परिवार और मित्रों का सहयोग, करियर में नए अवसर, व्यापार में लाभ और अटके कार्यों की पूर्ति देखने को मिलेगी. मेष और मिथुन राशि वालों को विशेष रूप से कार्यक्षेत्र में प्रगति, यात्रा से लाभ, प्रमोशन या नए प्रोजेक्ट के अवसर मिल सकते हैं. वहीं वृषभ वालों को शुरुआत में स्वास्थ्य, खर्चों, प्रतिस्पर्धा और मानसिक तनाव जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन धीरे-धीरे परिस्थितियां उनके पक्ष में होती नजर आएंगी. आइए जानते हैं कि मेष, वृषभ और मिथुन के लिए मार्च का महीना कैसा रहेगा?
मेष मासिक राशिफल मार्च 2026 (Aries Monthly Horoscope March)
गणेशजी कहते हैं कि मेष राशि के जातकों के लिए मार्च का महीना मिलाजुला साबित होगा. मार्च माह की शुरुआत सुखद होगी और इस दौरान आपको घर और बाहर सभी जगह स्वजनों का सहयोग मिलेगा. कारोबार में मनचाहे लाभ की प्राप्ति होगी. कार्यक्षेत्र में सकारात्मक संभावनाएं बनेंगी, लेकिन इस दौरान आपके भीतर अहंकार की भावना बलवती हो सकती है. ऐसे में अपनी वाणी और व्यवहार से किसी दूसरे को कष्ट पहुंचाने से बचे. माह के दूसरे सप्ताह में कार्यक्षेत्र में अपने विरोधियों से सतर्क रहें और दूसरों के भरोसे अपना काम छोड़ने की गलती तो बिल्कुल न करें.
इस दौरान कारोबार के सिलसिले में लंबी या छोटी दूरी की यात्रा संभव है. यात्रा थकान भरी लेकिन लाभप्रद साबित होगी. इस दौरान संतान या फिर किसी प्रिय व्यक्ति को लेकर मन चिंतित रहेगा. हालांकि माह के मध्य तक आपकी इस चिंता का समाधान निकल आएगा. जो लोग रोजी-रोजगार या फिर नौकरी में बदलाव की तलाश में थे,उन्हें बेहतर अवसर प्राप्त होगा,लेकिन कोई भी निर्णय जल्दबाजी में न लें और शुभचिंतकों से सलाह लेकर आगे बढ़ें. कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामले में फैसला आपके हक में आ सकता है. परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों को उनके परिश्रम के मुताबिक फल की प्राप्ति होगी. माह के उत्तरार्ध में आपको अपने विरोधियों से सावधान रहने की जरूरत रहेगी. इस दौरान अनचाही आपके लिए कुछेक समस्याएं जी का जंजाल बन सकती है. प्रेम संबंध की दृष्टि से इस माह आपको बहुत ही संभल कर कोई कदम बढ़ाने की जरूरत रहेगी. याद रखें आपकी बात से ही बात बनेगी और बात से बात बिगड़ेगी.
माह के मध्य में लव पार्टनर के साथ गलतफहमियां पैदा हो सकती हैं. इस दौरान कोई आपके प्रेम संबंध में अड़ंगे डालने की कोशिश कर सकता है. ऐसे में चीजों को सूझबूझ से सुलझाएं और इसके लिए अपने शुभचिंतकों की मदद लें. खट्टी-मीठी तकरार के साथ वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा. माह के उत्तरार्ध में जीवनसाथी की सेहत को लेकर मन थोड़ा चिंतित रहेगा. हालांकि आपको स्वयं की सेहत का भी विशेष ख्याल रखना होगा. विशेष रूप से खान-पान एवं दिनचर्या सही रखें.
वृषभ मासिक राशिफल मार्च 2026 (Taurus Monthly Horoscope March)
गणेशजी कहते हैं कि वृषभ राशि के जातकों के लिए मार्च महीने की शुरुआत में अपनी सेहत और संबंध दोनों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत रहेगी. इस दौरान आप मौसमी या फिर किसी पुरानी बीमारी के उभरने से परेशान हो सकते हैं. इस दौरान घर के किसी सदस्य के साथ हुआ विवाद आपके तनाव का बड़ा कारण बन सकता है. कारोबार में कंपटीटर से कड़ा मुकाबला करना पड़ेगा.
हालांकि यह सभी चीजें दूसरे सप्ताह के अंत तक आपके अनुकूल होती नजर आएंगी. किसी वरिष्ठ की मदद से स्वजनों के साथ संबंध सामान्य होंगे. करिअर और कारोबार में मनचाही प्रगति देखने को मिलेगी. नौकरीपेशा लोगों की आय के अतिरिक्त स्रोत बनेंगे. व्यवसाय में लाभ होगा. माह के मध्य में किसी नए प्रोजेक्ट पर जुड़कर काम करने का अवसर मिलेगा. हालांकि आप ऐसा होने के बाावजूद संतुष्ट नहीं होंगे और आप अपने करिअर और कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए दाएं-बाएं हाथ पैर मारते हुए नजर आएंगे. इस दौरान अनावश्य खर्चों से आपका बजट थोड़ा गड़बड़ा सकता है,जिसके चलते आर्थिक चिंता भी बनी रहेगी.
इस दौरान आपको घर और बाहर सभी को मिलाकर काम करने में जरूरत रहेगी. कार्यक्षेत्र में लोगों की छोटी-मोटी बातों को तूल देने से बचें. इस दौरान असमंजस की स्थिति में किसी बड़े निर्णय को लेने से बचें. माह के पूर्वार्ध के मुकाबले उत्तरार्ध ज्यादा शुभ एवं लाभप्रद साबित होगा. इस दौरान आपको सौभाग्य का पूरा साथ मिलेगा और आपके सोचे हुए कार्य समय पर पूरे होंगे. यदि आप किसी के सामने अपने प्रेम का इजहार करने की सोच रहे थे,तो इस माह बहुत सोच-समझकर ही ऐसा कदम उठाएं, अन्यथा आपको लेने के देने भी पड़ सकती है. वहीं जिन लोगों के पहले से प्रेम संबंध चले आ रहे हैं उन्हें अपने लव पार्टनर की भावनाओं की अनदेखी करने से बचना होगा. माह के मध्य में आपके रिश्ते में अविश्वास की खाई गहरी हो सकती है,जिसे पाटने के लिए आपका कोई मित्र मददगार साबित होगा.
मिथुन मासिक राशिफल मार्च 2026 (Gemini Monthly Horoscope March)
गणेशजी कहते हैं कि मिथुन राशि के जातकों के लिए मार्च का महीना नए अवसर के साथ नई चुनौतियां लेकर आ रहा है. माह की शुरुआत में आपको रोजी-रोजगार के सिलसिले में लंबी या छोटी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है. यात्रा सुखद एवं लाभदायक होगी. इस दौरान यदि आप अपने समय और ऊर्जा का सही प्रबंधन करने में कामयाब हो जाते हैं तो आपको मनचाही सफलता हाथ लग सकती है. इस दौरान किसी प्रिय व्यक्ति से मुलाकात होगी. घर में धार्मिक कार्य संपन्न हो सकते हैं.
इस दौरान आपको अपने परिजन के साथ हंसी-खुशी समय बिताने के कई अवसर प्राप्त होंगे. परिवार के साथ किसी पर्यटन स्थल पर भी जा सकते हैं. हालांकि इस दौरान छात्रों का मन पढ़ाई से उचट सकता है. माह के दूसरे सप्ताह में विरोधी आपके कार्य में अड़ंगे डाल सकते हैं,लेकिन आप अपनी सूझबूझ से उन्हें दूर करने में कामयाब रहेंगे. इस दौरान व्यवसाय में मिले-जुले फल प्राप्त होंगे. माह के मध्य में आपको अपने काम को पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय और प्रयास करने की जरूरत रहेगी. इस दौरान कार्यक्षेत्र में कामकाज का बोझ ज्यादा रहेगा. घर-परिवार से जुड़ी कोई समस्या आपकी चिंता का कारण बनेगी. इस दौरान कामकाज के सिलसिले में की गई यात्रा थकान भरी और अपेक्षा से कम लाभ देने वाली होगी.
पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद हो सकते हैं. माह के उत्तरार्ध का समय आपके लिए अनुकूल साबित होगा और इस दौरान आपके सोचे हुए कार्य समय पर पूरें होंगे. इष्ट मित्रों का सहयोग मिलेगा और विभिन्न स्रोतों से धन लाभ भी होगा. प्रेम संबंध की दृष्टि से माह की शुरुआत शुभ साबित होगी और इस दौरान अपने लव पार्टनर के साथ हंसी-खुशी समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे. लेकिन माह के मध्य में कुछ बाधाएं आएंगी जिसके चलते लव पार्टनर से संपर्क नहीं हो पाएगा. इस दौरान आपके वैवाहिक जीवन में भी कुछ एक परेशानियां आ सकती हैं,जिससे आपका मन थोड़ा खिन्न रहेगा. हालांकि माह के उत्तरार्ध तक एक बार फिर आपके प्रेम की गाड़ी पटरी पर आ जाएगी. इस माह आपको हड्डी और पेट से जुड़ी परेशानियों की अनदेखी करने से बचना होगा,अन्यथा आपको अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं.


