गुरुवार को ही क्यों होती है साईं बाबा की पूजा? जानिए इसके पीछे की मान्यता

गुरुवार को ही क्यों होती है साईं बाबा की पूजा? जानिए इसके पीछे की मान्यता

देशभर में साईंबाबा के भक्त हर गुरुवार को विशेष रूप से उनकी पूजा-अर्चना करते हैं. मंदिरों में भी इस दिन श्रद्धालुओं की भीड़ अन्य दिनों की तुलना में अधिक देखने को मिलती है. सिर्फ पूजा ही नहीं, बल्कि गुरुवार को साईं व्रत रखने की भी खास परंपरा है. लोग 9 या 11 गुरुवार का व्रत रखते हैं और साईं बाबा से अपनी मनोकामनाएं पूरी करने की प्रार्थना करते हैं. मान्यता है कि सच्चे मन से किया गया यह व्रत कभी खाली नहीं जाता. कई लोग अपने अनुभव साझा करते हैं कि उन्हें नौकरी, स्वास्थ्य या परिवार से जुड़ी समस्याओं में राहत मिली. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि साईंबाबा की पूजा के लिए गुरुवार का दिन ही क्यों चुना गया? इसके पीछे केवल आस्था ही नहीं, बल्कि ज्योतिष और आध्यात्मिक मान्यताओं का भी गहरा संबंध है.

गुरु ग्रह को समर्पित गुरुवार का दिन
दरअसल, गुरुवार का दिन देवताओं के गुरु बृहस्पति ग्रह को समर्पित माना जाता है. ज्योतिष शास्त्र में बृहस्पति को ज्ञान, गुरु, धर्म और सदाचार का कारक ग्रह बताया गया है. हिंदू धर्म में शास्त्रों में गुरुवार के दिन को बहुत शुभ माना गया है. ज्यादातर भारतीय हर शुभ कार्य को गुरुवार के दिन करना चाहते हैं क्योंकि इस दिन किए गए किसी भी शुभ कार्य का फल दोगुना मिलता है. माना जाता है कि साईं बाबा ने अपने जीवन में लोगों को सही मार्ग दिखाया, उन्हें जीवन की सच्चाई समझाई और संकट से बाहर निकाला. इसी वजह से उनके भक्त उन्हें गुरु के रूप में पूजते हैं और गुरु का दिन होने के कारण गुरुवार को उनकी विशेष पूजा की जाती है.

गुरु ग्रह और साईं बाबा
बृहस्पति व्यक्ति के जीवन में ज्ञान, आस्था और सद्गुणों को मजबूत करता है, जिससे मनुष्य धर्म और सत्य के मार्ग पर चलता है. यही कारण है कि इस दिन गुरु स्वरूप संतों और महापुरुषों की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है. साईंबाबा को भी सद्गुरु का दर्जा प्राप्त है. उन्होंने अपने जीवन में लोगों को प्रेम, दया, सेवा और एकता का संदेश दिया. इसलिए गुरुवार, जो गुरु का दिन है, साईंबाबा की उपासना के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है. भक्तों का मानना है कि इस दिन बाबा की पूजा करने से उनकी कृपा जल्दी प्राप्त होती है और जीवन की समस्याओं में राहत मिलती है.

साईं बाबा और गुरु तत्व का सजीव उदाहरण
साईं बाबा को लोग सिर्फ संत नहीं मानते, बल्कि उन्हें सद्गुरु भी मानते हैं, यानी ऐसे सच्चे आध्यात्मिक गुरु जो लोगों को भीतर से जागरूक करते हैं. उन्होंने हमेशा श्रद्धा और सबुरी पर जोर दिया. ये गुण भी बृहस्पति से मिलते-जुलते हैं. लोग आध्यात्मिक, विवाह, धन और शिक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए बृहस्पति की पूजा करते हैं. गुरु तत्व का अनुसरण हर किसी के लिए जरूरी है और साईं बाबा इसका जीवंत उदाहरण हैं.

गुरुवार को ही क्यों चुनते हैं लोग?

  • माना जाता है कि गुरुवार को साईं बाबा जैसे गुरु की पूजा करने से बृहस्पति का शुभ प्रभाव कुंडली में बढ़ जाता है.
  • गुरुवार को किए गए धार्मिक कार्य, खासकर शिक्षा और भक्ति से जुड़े, ज्यादा फलदायी माने जाते हैं.
  • जिनकी कुंडली में बृहस्पति कमजोर या पीड़ित होता है, वे गुरुवार को साईं बाबा की पूजा, व्रत या मंदिर जाते हैं ताकि उनकी समस्याएं दूर हों.
  • लंबे समय से गुरुवार को साईं बाबा का पावन दिन माना जाता है, जिससे इसका महत्व और बढ़ जाता है.

रिवाज और परंपराएं

  • साईं बाबा के भक्त गुरुवार को ये परंपराएं निभाते हैं:
  • गुरुवार को साईं बाबा के मंदिर जाकर प्रसाद या पीले फूल चढ़ाना
  • लगातार 9 या 11 गुरुवार तक साईं व्रत रखना
  • गुरुवार को साईं सच्चरित्र का पाठ करना
  • गुरुवार के दिन जरूरतमंदों को भोजन या अन्य चीजें दान करना
  • इन अवसरों पर लोग अक्सर पीले कपड़े पहनते या दान करते हैं, क्योंकि पीला रंग बृहस्पति का प्रतीक है. यह समृद्धि और खुशहाली का संकेत भी है.

साईं बाबा की गुरुवार की पूजा का महत्व
धार्मिक मान्यता यह भी कहती है कि साईं बाबा ने अपने जीवनकाल में गुरुवार के दिन कई चमत्कार किए थे. कई भक्तों का दावा है कि उन्हें इस दिन विशेष आशीर्वाद मिला. यही कारण है कि धीरे-धीरे गुरुवार साईं पूजा का प्रमुख दिन बन गया और यह परंपरा आज भी जारी है. गुरुवार के दिन पीले रंग का भी खास महत्व होता है. भक्त इस दिन पीले कपड़े पहनते हैं, पीले फूल चढ़ाते हैं और चने की दाल या बेसन से बने प्रसाद का भोग लगाते हैं. यह सब गुरु ग्रह बृहस्पति को प्रसन्न करने का प्रतीक माना जाता है. गुरुवार के दिन साईं बाबा के मंदिरों में भजन-कीर्तन, साईं चालीसा और आरती का माहौल भक्तों को एक अलग ही ऊर्जा से भर देता है.

Source link

You May Have Missed